ताजगंज थाना क्षेत्र में इनर रिंग रोड के सर्विस रोड स्थित नाले में रविवार सुबह एक युवक का शव मिला। आशंका है कि हत्या कर शव को फेंका गया है। पहचान छिपाने के लिए शव जलाने की भी कोशिश की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस जांच कर रही है।
इनर रिंग रोड पर नौपुरा गांव के पास सर्विस रोड पर पांच फुट गहरा नाला है। सुबह लगभग 11 बजे ग्रामीणों ने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। उसके ऊपर जैकेट पड़ी थी। नीले रंग की पैंट और सफेद शर्ट पहने था। शव जलाने की कोशिश भी की गई थी। नाले के अंदर आसपास जलने के निशान थे। शव के ऊपर पड़ी जैकेट भी कुछ जल चुकी थी।
सीओ बोले- जांच की जा रही है
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गांव के लोगों बात करते जानकारी जुटाई। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। सीओ सिटी विकास कुमार ने बताया कि उम्र 25 से 30 साल के बीच है। आशंका है कि पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया है। अन्य कुछ भी सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे पहचान हो सके। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता चलेगा। शिनाख्त के लिए फोटो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है। लापता युवकों की गुमशुदगी के बारे में सभी थानों से जानकारी मांगी गई है।
बंद है सर्विस रोड
जिस नाले में शव पड़ा था, वहां की सर्विस रोड आगे की तरफ बंद है। नाले के माध्यम से सिर्फ बारिश में भरा पानी निकाला जाता है। पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे और लखनऊ एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं। आशंका है कि हत्या कहीं और की गई है, जबकि शव को किसी वाहन से यहां लाकर फेंका गया है। पूर्व में भी हत्या कर शव फेंके जा चुके हैं।