कासगंज। जिला के 70 प्रतिशत लोगों को बूस्टर डोज लगवाने में लापरवाही भारी पड़ सकती है। 30 सितंबर तक ही 18 से 59 साल के लोगों के लिए नि:शुल्क बूस्टर डोज की सुविधा मिलेगी। इसके बाद डोज लगवाने के लिए धन खर्च करना पड़ेगा।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शासन ने 75 दिन के लिए 18 से 59 साल की आयु के लोगों को नि:शुल्क बूस्टर डोज की व्यवस्था की है। यह समय सीमा 12 दिन बाद समाप्त हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को बूस्टर डोज लगाते हुए 63 दिन का समय हो चुका है, लेकिन लोग बूस्टर डोज लगवाने में लापरवाही बरत रहे है। विभाग द्वारा लगातार सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। ताकि लक्ष्य की पूर्ति हो सके, लेकिन अभी तक 30 प्रतिशत लोग ही बूस्टर डोज लगवा सके है। लोगों की इस लापरवाही से कोरोना का खतरा बना हुआ है। इतना ही नहीं बाद में उनके शासन से निर्धारित शुल्क देने के बाद ही बूस्टर डोज लग सकेगी।
शासन से बूस्टर डोज की नि:शुल्क व्यवस्था 30 सितंबर तक ही है। इसके बाद बूस्टर डोज लगवाने के लिए शुल्क लगेगा। जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लगवाई है वे निर्धारित समय में इसे अवश्य लगा लें। डा. अंजुश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी