कासगंज। बार एसोसिएशन संघर्ष समिति के नेतृत्व में मंगलवार को भी अधिवक्ताओं ने हड़ताल रखी। सभी ने एकमत से अधिवक्ता मोहिनी तोमर हत्याकांड में अधिवक्ताओं को नामजद कराने व उनकी गिरफ्तारी कर जेल भेजने की निंदा की। साथ ही इस मामले की सीबीआई जांच और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।मोहिनी तोमर हत्याकांड में बार एसोसिएशन द्वारा शुरू से ही अधिवक्ताओं की नामजदगी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए चार सितंबर से हड़ताल की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को भी अधिवक्ताओं की हड़ताल रही। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता मोहिनी तोमर के पति की तहरीर पर इस मामले में अधिवक्ताओं को आरोपित करते हुए नामजदगी और पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किए जाने की अधिवक्ताओं की निंदा की। कहा कि पुलिस से मुकदमे की जांच शीघ्रता से करते हुए दोषी व्यक्तियों को गिरफ्तार करने, हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने व एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की भी मांग की गई है। इन मांगों के समर्थन में ही मंगलवार को भी अधिवक्ता हड़ताल करते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहे।