मैनपुरी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन जल्द ही अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने रविवार को शहर के प्रमुख क्षेत्रों का दौरा कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने करहल चौराहा से भांवत चौराहा होते हुए क्रिश्चियन तिराहे तक सड़क के दोनों ओर लगे स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण को देखा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी नाली या नाले के ऊपर किसी भी प्रकार का स्थाई या अस्थाई अतिक्रमण नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी दुकानदारों को अपनी दुकान का सामान नालों और नालियों के पीछे तक ही सीमित रखने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अतिक्रमणकारियों को तत्काल नोटिस जारी कर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिदिन कम से कम दो घंटे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए ताकि शहर के मुख्य मार्ग हमेशा अतिक्रमण मुक्त रहें और आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी दुकानदार को अपनी दुकान की सीमा से बाहर सड़क पर सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी रामजी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह और प्रभाकर गंगवार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।