आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने सोमवार को अवैध निर्माण पर तीन भवन सील कर दिए। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-28क (1) के तहत की गई। ताजगंज के इटौरा सड़क पर राम प्रताप चौहान एवं अतुल यादव के बिना मानचित्र स्वीकृति के कराए गए निर्माण को सील किया गया। शाहगंज स्थित अजीत नगर खेरिया मोड़ पर आनंद अग्रवाल का अवैध निर्माण सील किया। रकाबगंज में ओल्ड ईदगाह कॉलोनी में योगेश कुमार के अनधिकृत निर्माण को सील किया। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुणमोली ने बताया कि प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर इन सभी स्थलों को सील कर दिया। चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों पर ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।