मैनपुरी। बीएसए दीपिका गुप्ता के साथ 13 जून को शिक्षक नेताओं द्वारा की गई अभद्रता को लेकर बुधवार को बीएसए कार्यालय के कर्मचारियों ने एसपी से मुलाकात की। एसपी को ज्ञापन देकर आरोपी शिक्षक नेताओं पर कार्रवाई की मांग की है।
बीएसए कार्यालय में 13 जून को बीएसए और शिक्षक नेताओं के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद बीएसए दीपिका गुप्ता ने प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक अरुण यादव और बेवर विकास खंड के अध्यक्ष विकास यादव के विरुद्ध थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीएसए द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्षों ने बैठक कर निंदा प्रस्ताव पारित किया था। एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांगी थी।
वहीं बुधवार को बीएसए कार्यालय के जिला समन्वयकों, लिपिकों और कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोपी शिक्षक नेता अरुण यादव और विकास यादव पर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पर शिक्षक नेताओं की अभद्रता पर विरोध जताते हुए प्रदर्शन भी किया।
इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अनुभव सिंह, धर्मेंश कुमार, गौरव कुमार, ओमपाल आदि शामिल रहे।