नवजात की मौत पर एसीएमओ ने किया हॉस्पिटल सीज
- निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों को नहीं मिले डॉक्टर और कर्मचारी
कुरावली। मंगलवार को नगर के घिरोर रोड नहर पुल के निकट स्थित रॉयल हॉस्पिटल में प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई। परिजन की शिकायत के बाद मौके पर बुधवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों को चिकित्सक और कर्मचारी हॉस्पिटल में मौजूद नहीं मिले। इसके बाद हॉस्पिटल को अधिकारियों ने सील कर दिया। नोटिस चस्पा करते हुए तीन दिन में संचालक से स्पष्टीकरण मांगा है।
क्षेत्र के गांव सूरजपुर मनौना निवासी आराधना पत्नी सत्यभान को प्रसव पीड़ा होने पर उसके परिजन ने मंगलवार की सुबह घिरोर रोड नहर पुल के निकट स्थित रॉयल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। तीन बजे प्रसव होने के बाद ही नवजात की मौत हो गई थी। मृतका के पति सत्यभान ने अस्पताल के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत की थी। जिस पर बुधवार की दोपहर एसीएमओ संजीव कुमार राय ने डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव कुमार के साथ रॉयल हॉस्पिटल पहुंचकर जानकारी जुटाई। एसीएमओ को मौके पर कोई कर्मचारी नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अस्पताल को सीज कर दिया। वहीं कस्बा स्थित नीलकंठ हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान उचित व्यवस्थाएं न मिलने पर संचालक को निर्देश दिए कि मानक के अनुसार सारी व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं।