एटा के थाना मलावन में अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें आरोप है कि पेट्रोल पंप लगवाने के लिए जमीन बिक्री करने का दबाव बनाया। जब ऐसा नहीं किया तो बेटे का अपहरण कर लिया। बाद में धमकी दी कि कार्रवाई की तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।
ये है मामला
गांव लालडुंडवारा निवासी नीरज कुमार ने गांव के ही नंदकिशोर, इसके पुत्र निशांत कुमार, राजू कुमार निवासी नारई थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा कि उसको गांव लालडुंडवारा में ससुर रामौतार की करीब 13 बीघा जमीन मिली है। जो करतला रोड पर है। इस जमीन पर नंदकिशोर पेट्रोल पंप लगाना चाहता था। इस वजह से जमीन बिक्री करने का दबाव बनाया। जब मैंने जमीन बिक्री नहीं की तो पुत्र मोहित का 8 जून 2022 को अपहरण कर लिया गया। बेटे के वियोग में पत्नी रूमा देवी मानसिक तनाव में रहने लगी और अर्द्धविक्षिप्त हो गई। इस पूरे प्रकरण की जानकारी वारदात वाले दिन ही थाना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसकी वजह से आज तक बेटा नहीं मिल सका है।