एक मकान का आधा हिस्सा बैनामा करने की बात कह कर छह लाख रुपये ले लिए गए। मामले में पूर्व चेयरमैन की ओर से किशनी क्षेत्र के रहने वाले आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर पंचायत बेवर की पूर्व चेयरमैन सुनीति गुप्ता ने किशनी निवासी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि थाना किशनी के मोहल्ला कृष्णा नगर निवासी शिव कुमार गुप्ता ने उनसे अपने मकान के आधे हिस्से का बैनामा करने की बात कही थी। मकान के आधे हिस्से के लिए छह लाख रुपये की मांग की गई थी। आरटीजीएस के माध्यम से छह लाख रुपये दिए गए थे। समय सीमा बीतने के बाद भी बैनामा नहीं किया गया। न हीं रुपये वापस किए जा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिव कुमार गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।