कासगंज। सिढ़पुरा क्षेत्र में पुलिस ने युवती से दुष्कर्म करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। युवती से दुष्कर्म की घटना एक सप्ताह पूर्व की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजे जाने की कार्रवाई की है।
क्षेत्र के एक गांव में 2 दिसंबर की शाम युवती घर में अकेली थी। युवती के पिता का आरोप है कि ग्राम बकावली निवासी दयाशंकर ने उनकी पुत्री से तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। वहीं किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले की तहरीर पिता के द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी। पुलिस की टीमों के द्वारा दबिशें दी गईं। बुधवार को उसके घर पर होने की जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस की टीम बुधवार की रात्रि लगभग 9 बजे उसके घर पर पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी देवेंद्र त्यागी ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की पुलिस गिरफ्तारी के लिए प्रयास में जुटी थी। उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।