कासगंज। एटा-कासगंज लोकसभा निर्वाचन के लिए आए व्यय प्रेक्षक राज सिंह गुर्जन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि व्यवस्थाओं में किसी तरह की कोई कमी नहीं रहे। प्रत्याशियों के व्यय का लेखा-जोखा नियमानुसार रखा जाए। व्यय का ब्यौरा रखने के लिए प्रत्येक विधानसभा वार अलग-अलग रजिस्टर बनाए जाएं। साथ ही एक कुल व्यय का रजिस्टर भी बनाएं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन का कार्य करें। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के संबंध में हुई बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम सुधा वर्मा एवं एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने व्यय प्रेक्षक को अव्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि एटा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 5 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें 48 एफएसटी टीम, 25 एसएसटी टीम लगाई गई हैं। एटा की दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए 18 एफएसटी टीम व 6 एसएसटी टीमें लगाई गईं हैं। 2 टीमें इनकम टैक्स की लगाई गई हैं। प्रेक्षक ने एफएसटी एवं एसएसटी टीमों को अपनी-अपनी फिक्स लोकेशन के अनुसार कार्य करने एवं सभी टीमों के साथ रिकार्डिंग के लिए एक कैमरामैन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीडियो सर्विलेंस टीमों बढ़ाया जाए ताकि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं हो। आय-व्यय नोडल एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के लिए प्रत्येक विधानसभा वार पांच अकाउंट टीमों का गठन किया गया है और उन्हें प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर योगिता सिंह, उप जिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल आदि मौजूद रहे।