कासगंज। सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर मार्ग पर सोमवार की सुबह स्कूल की बस और कार में आमने-सामने की भिड़ंत में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक शिक्षिका और सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान 12 वर्षीय छात्र ने दम तोड़ दिया। हादसे के शिकार हुए बच्चों में 6 एक ही परिवार के बच्चे शामिल हैं। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायल बच्चों का जिला अस्पताल और अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी पाकर डीएम मेधा रूपम सहित मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही घटना की जांच के आदेश भी दिए। दो स्कूली वाहनों के बीच टक्कर की यह घटना सोमवार को सुबह करीब पौने आठ बजे सलेमपुर मार्ग पर गोयती के निकट हुई। बस कासगंज की ओर से जा रही थी। ईको कार सामने की ओर से जा रही थी। कार में हरिभान सिंह यादव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोलकपुर के बच्चे सवार थे। वहीं, बस गेंदा देवी स्कूल की थी। दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। ईको कार चालक विमल कुमार (24) निवासी जरैथा सोरोंजी की मौत हो गई। कार में सवार छात्र अंशु (12), विकास (15), दुर्गेश (5), आदेश (7) पुत्र पुष्पेंद्र निवासी नगला डूंगर घायल हुए। इनके अलावा पुष्पेंद्र के भाई जोगेंद्र के दो पुत्र पवन एवं सुरजन भी इस हादसे में घायल हुए। इनके अलावा कार में सवार गांव के ही हरेंद्र का पुत्र आदित्य, शिक्षिका संजना (18) पुत्री मुनेश निवासी सुजावली भी घायल हो गई। इन सभी घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां से गंभीर अवस्था में अंशु एवं दुर्गेश को अलीगढ़ रेफर किया गया। अलीगढ़ में उपचार के दौरान अंशु की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल लाया गया। हादसे की सूूचना पाकर डीएम मेधा रूपम, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एएसपी राजेश भारती सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घायलों के समुचित उपचार और एआरटीओ को मामले की जांच के निर्देश दिए।