आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नसीरपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत बुधवार प्रात: चार बजे के करीब कानपुर की तरफ से आ रही एंबुलेंस को कंटेनर ने रौंद दिया, जिससे ट्रक चालक व एंबुलेंस चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद यूपीडा कर्मचारियों ने घायलों को अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सरकारी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
नसीरपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत फतेहपुरा के समीप कलकत्ता से मरीज को छोड़कर जयपुर आ रही एंबुलेंस को तेज गति से आ रहे कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में एंबुलेस चालक संजीव उर्फ सोनू (24) पुत्र मेघ सिंह और क्लीनर सरबन (45) पुत्र सत्तार सिंह निवासी जवाहर नगर जयपुर राजस्थान और कंटेनर चालक मुस्ताक खान उर्फ उस्ताद (24) पुत्र इस्लाम निवासी पलवल राजस्थान घायल हो गए। जबकि एंबुलेंस में सवार तीसरा व्यक्ति दिलीप सुरक्षित है।
दिलीप ने बताया कि तीनों लोग जयपुर से एक मरीज को कलकत्ता ले गए थे। उसे छोड़कर जयपर वापस आ रहे थे, तभी नसीरपुर क्षेत्र अंतर्गत हादसा हो गया। यूपीडा एंबुलेंस तीनों घायलों को लेकर अस्पताल आई। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही घायलों के परिजन जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए।