मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र में दहेज के लिए की गई विवाहिता की हत्या के मामले में वांछित चल रहे ससुर को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
कन्नौज के थाना गुरसहायगंज क्षेत्र के हनुमंतखेड़ा निवासी नितिन कुमार ने थाना औंछा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि बहन रेनू की शादी गांव छतारी निवासी योगेंद्र के साथ दिसंबर 2019 को की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन बहन को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते आ रहे थे। 29 दिसंबर 2024 को पति योगेंद्र, ससुर रवेंद्र, सास गुड़्डी देवी, जेठ शैलेंद्र और जेठानी शिखा ने बहन की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस लगातार मृतका के ससुरालीजन की तलाश कर रही थी। थानाध्यक्ष अनुज चौहान ने बताया कि बुधवार को मृतका के ससुर रवेंद्र उर्फ पप्पू को ज्योति तिराहे के पास से गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल भेजा गया है, शेष आरोपी भी शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे।