कासगंज। जिले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनापत्ति के बिना ईंट भट्ठे संचालित हो रहे हैं। ऐसे 129 ईंट भट्ठे संचालित किए गए हैं जिन पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनापत्ति नहीं है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की चिह्नित किए गए भट्ठों की सूची के आधार पर एडीएम ने सभी तहसीलों के एसडीएम को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तहसील प्रशासन के द्वारा इन ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी राधेश्याम ने इस संबंध में जिला खनन अधिकारी को पत्र जारी करके कहा कि ईंट भट्ठों के संचालित होने वाले सत्र 2024-25 से पूर्व ईंट की पथाई का कार्य रोका जाए। उन्होंने ऐसे 129 ईंट भट्ठों की सूची भी संलग्न की। जिनके द्वारा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति प्राप्त नहीं की गई है और बोर्ड के व न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन करके भट्ठों का संचालन किया जा रहा है। क्षेत्रीय अधिकारी के इंस्पेक्टर को अपर जिलाधिकारी राकेश पटेल ने संज्ञान लेते हुए सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध ईंट भट्ठों का संचालन रोका जाए। ईंट भट्ठों के द्वारा ईंटों की पथाई व मिट्टी खनन का कार्य रोककर ईंट भट्ठों के संचालन पर रोक लगाई जाए। जिले में कुल 250 ईंट भट्ठे संचालित हो रहे हैं : जिले में कुल 250 ईंट भट्ठे संचालित हैं। जिसमें 131 भट्ठे नियमानुसार संचालित हैं। जबकि 129 भट्ठे अवैध रूप से संचालित हैं। इन अवैध भट्ठों में कासगंज तहसील क्षेत्र में 30, पटियाली तहसील क्षेत्र में 49 और सहावर तहसील क्षेत्र में 50 भट्ठे संचालित हैं।