गंजडुंडवारा। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में गंजडुंडवारा-बदायूं मार्ग पर सोमवार शाम कादरगंज गंगा पुल के पास तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जनपद बदायूं के बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। मृतक युवक पत्नी के साथ गांव बहोरा जा रहे थे। जनपद बदायूं के सम्राट अशोक नगर निवासी महेंद्र (40) पुत्र रामदास सोमवार शाम पत्नी कमलेश (35) के साथ बाइक से सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव बहोरा अपने साढ़ू के घर जा रहे थे। गंजडुंडवारा-बदायूं हाईवे मार्ग पर कादरगंज पुल के पास बदायूं की ओर से आ रहे दूध से भरे कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल महिला को गंजडुंडवारा सीएचसी में पहुंचा। जहां डॉक्टर ने कमलेश को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों की मौत की सूचना परिजन को दी। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से भाग गया। पटियाली सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है।