कुसमरा। नगर के जीपी मार्केट में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कस्बा निवासी राकेश शाक्य की बस स्टैंड स्थित जीपी मार्केट में रेडीमेड कपड़े और चाय की दुकान है। शनिवार रात करीब 11 बजे राकेश अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। राकेश के अनुसार थोड़ी देर बाद ही उन्हें सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। मौके पर पहुंचे तो दुकान का सामान जल रहा था। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। इस अग्निकांड में दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े, गैस चूल्हा, नमकीन सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर नहीं फटा, वरना और बड़ा हादसा हो जाता।