बाह/बटेश्वर। 10 इंच जमीन के लिए दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में गर्भवती महिला भी शामिल है, जिसे जमीन पर घसीटकर पीटा गया। रक्तस्राव से गर्भवती की हालत बिगड़ गई। घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। बटेश्वर के तराहटी मोहल्ले में एक ही परिवार की बिटुला देवी एवं भूरी देवी के परिवार में बंटवारे के बाद 10 इंच जमीन पर शुक्रवार को विवाद हो गया। विवाद में भूरी देवी पक्ष के राधेश्याम आदि ने बिटुला देवी की देवरानी बेबी, पुत्रवधू रोशनी को खड़ंजे पर घसीट कर लात, घूसे और लाठी, डंडे से बेरहमी से पीटा। पिटाई से दो माह की गर्भवती रोशनी की रक्तस्राव से हालत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए बाह सीएचसी से एंबुलेंस के जरिए लेडी लॉयल हॉस्पीटल आगरा भेज दिया। बिटुला देवी ने पुलिस को बताया कि भूरी देवी 10 इंच ज्यादा जमीन मांग रही है, मना करने पर राधेश्याम और भूरी देवी आदि की पिटाई से वह, देवरानी बेबी, पुत्रवधू ममता, रोशनी, नाती करन घायल हुआ है। वहीं दूसरे पक्ष की भूरी देवी ने बताया कि उसे पति राधेश्याम, बेटे विजय के साथ मारपीट की गई है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया 6 को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।