फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव ठीपुरी में बारिश के कारण कच्ची दीवार गिरने से किसान की सात बकरियों की मौत हो गई। गांव ठीपुरी निवासी किसान शंकरलाल पुत्र सरवन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात हुई बारिश से कच्ची दीवार में सीलन आ गई थी। दीवार के सहारे छप्पर डला हुआ था, जिसमें सात बकरियां बंधी थीं। बुधवार सुबह करीब पांच बजे अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे बंधी सभी बकरियां मलबे में दब गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बकरियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी सात बकरियों की मौत हो चुकी थी। ग्राम पंचायत नागर के पूर्व प्रधान लोटन सिंह, निबोहरा पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।