अधिकारियों से मिलेगा वकीलों का प्रतिनिधि मंडल
तीन घंटे तक चली हंगामी बैठक में लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। तहसील अभिभाषक परिषद की एक हंगामी बैठक में परिषद के अध्यक्ष द्वारा अधिवक्ताओं की एक कमेटी गठित कर उपजिलाधिकारी प्रशासनिक, उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं तहसीलदार से समस्याओं पर वार्ता करने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ताओं ने न्यायालयों में कानून के अनुसार ही न्यायिक कार्य किए जाने की मांग उठाई। प्राइवेट कर्मचारियों की कार्यशैली पर अंकुश लगाने की मांग की।
बुधवार को तहसील अभिभाषक परिषद के अध्यक्ष रवींद्र सिंह यादव ने लगभग तीन घंटे तक चली हंगामी बैठक में कहा कि अधिवक्ता किसी भी न्यायालय के बहिष्कार करने के लिए तैयार नहीं हैं। समस्याओं को वार्ता के माध्यम से दूर करने के लिए के लिए विषयवार समस्याओं को हल करवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल शुक्रवार को वरिष्ठ समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र तिवारी, करनसिंह वर्मा, शिवकुमार दुबे, राजेश पांडेय, शिशुपाल शाक्य तीनों अधिकारियों से विभिन्न समस्याओं के संबंध में बातचीत करेंगे। इसके बाद ही न्यायालयों में काम करेंगे।
बैठक में सचिव ब्रजेंद्र सिंह, केके पांडेय, सुबोध सक्सेना, राजबहादुर सिंह चौहान, राजेश वर्मा, हरिओम यादव, पंकज सक्सेना, जयसिंह शाक्य, जयकुमार दुबे, राजेश यादव, श्यामसिंह शाक्य मौजूद रहे।