आगरा के ताजगंज स्थित शाहजहां गार्डन के पास रविवार दोपहर ढाई बजे स्कूटी सवार युवक और युवती का कांवड़ियों के साथ चल रहे एक युवक से विवाद हो गया। युवक ने युवती के साथी को थप्पड़ मार दिया। इस पर युवती युवक से भिड़ गई और उनमें मारपीट हो गई।
इस दौरान घटना का किसी ने वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें युवती और युवक के बीच मारपीट होती नजर आ रही है। युवती के साथी के हाथ में हेलमेट लगा है। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ियों के साथ कुछ युवक चल रहे थे। रास्ते से युवती और युवक स्कूटी से निकलकर जा रहे थे। कांवड़ ले जाने वाले के साथी की किसी बात पर युवती से कहासुनी हो गई। उनमें विवाद होने लगा। तभी युवती के साथी को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। इस पर मारपीट हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची। मगर, मौके पर कोई मिला नहीं। अगर, शिकायत की जाएगी तो कार्रवाई की जाएगी।
रामबाग चौराहे पर ट्रक की टक्कर से कांवड़िये घायल, हंगामा
आगरा के सोरों से कांवड़ लेकर आ रहे दो युवकों को रामबाग चौराहे पर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। यह देखकर वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने ट्रक को पकड़ लिया। सिकंदरा के गांव मोहम्मदपुर निवासी सचिन और धीरज सोरों घाट से कांवड़ लेकर आए थे। रविवार दोपहर को तीन बजे रामबाग चौराहे पर आए। तभी तेज गति से आते ट्रक ने चपेट में ले लिया, जिससे दोनों घायल हो गए। हादसा देखकर लोग जुट गए। उन्होंने ट्रक को रोक लिया। कांवड़ियों ने गलत तरीके से ट्रक चलाने का आरोप लगाया। इससे हंगामा होने लगा। सूचना पर बजरंग दल के पदाधिकारी श्याम किशोर शर्मा सहित अन्य लोग आ गए। सचिन और धीरज का इलाज कराया गया। वह बिना शिकायत के ही चले गए।