आगरा। नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर का शिविर विकलांगों के लिए बड़ा सहारा बना। शिविर मंगलवार को केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर उसी जगह लगा जहां संस्थान की ओर से आयोजित भगवत कथा चल रही है। शिविर में 212 विकलांगाें की जांच की गई। हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. पंकज कुमार ने इनमें से 57 को आपरेशन के लिए चयनित किया। इन्हें संस्थान के उदयपुर मुख्यालय बुलाया गया है। वहां दी गई तिथि पर इनका आपरेशन होगा। शिविर में 16 विकलांगाें को कृत्रिम अंग (हाथ-पैर) लगाए गए। 25 के नाप लिए गए जो इन्हें जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम प्रभारी फतेह सिंह चौहान और भंवर सिंह ने बताया कि 25 ट्राईसाइकिल, पांच व्हीलचेयर और 20 जोड़ी बैसाखी भी वितरित की गईं। कथा के मुख्य यजमान महावीर प्रसाद बंसल, समाज सेवी ओमप्रकाश अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, सरोज रानी, सूरज प्रकाश, नरेश कुमार बंसल, एसएस चौहान, अमित कुमार बंसल, ओमपाल आदि ने शिविर में सहयोग किया।