थाना बिछवां क्षेत्र के गांव बबीना निवासी किसान का एजेंट ने लोन स्वीकृत कराया। किसान की जानकारी के बिना धोखाधड़ी कर खाते से 9.80 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित किसान ने बैंक मैनेजर, एजेंट व अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज किए जाने की मांग की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव परौंख निवासी रामपाल सिंह बिछवां क्षेत्र के गांव बबीना में रह रहे हैं। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि सुल्तानगंज स्थित बैंक में केसीसी के तहत लोन के लिए गया था। वहां मैनेजर ने एक एजेंट का नाम बताया और कहा कि उस से मिल लो तुम्हारा काम आसानी से हो जाएगा। एजेंट से लोन की बात कही तो उसने कुछ कागजों पर उसके व पुत्र के हस्ताक्षर कराए। कहा कि ज्योति स्थित बैंक शाखा से अपना खाता सुल्तानगंज के लिए ट्रांसफर करा ले। 25 अक्तूबर को जब उसने अपनी पासबुक प्रिंट कराई तो पता चला कि उसके खाते से केसीसी की 9.80 लाख रुपये की धनराशि निकाल ली गई है।
जब उसने बैंक मैनेजर से कहा तो उसने कहा कि एजेंट से रुपया वापस करा दिया जाएगा। उसने सीसीटीवी जांचने के लिए कहा तो तैयार नहीं हुए। किसान ने बैंक मैनेजर, एजेंट व धोखाधड़ी में शामिल अन्य कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।