वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन परिक्रमा मार्ग के अटलवन स्थित चिंताहरण हनुमान मंदिर की ऊपरी मंजिल पर साधु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव को बंदरों और बिल्ली ने नोंच लिया था।
सोमवार की सुबह चिंताहरण हनुमान मंदिर के पुजारी अशोकदास बाबा को सुबह मंदिर की दूसरी मंजिल से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने कमरे में जाकर देखा। कमरे में साधु फक्कड़ बाबा (48) का शव पड़ा हुआ था। पुजारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बताया गया है कि खुले पड़े कमरे में शव को बंदरों और बिल्ली ने नोंच लिया था। शव दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुजारी अशोकदास के अनुसार फक्कड़ बाबा पिछले दस वर्ष से आश्रम में रह रहे थे।
भिक्षा मांगने के बाद बाबा शाम को आश्रम के कमरे में आकर सो जाते थे। पिछले काफी समय से बाबा बीमार भी चल रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि साधु की मौत कैसे हुई है।