मैनपुरी। मोदी सरकार के बजट से इस बार आम जनता को बड़ी उम्मीद है। उम्मीद की वजह अंतरिम बजट होना है। लोगों का अनुमान है कि चुनाव से पहले सरकार बड़े फैसले ले सकती है। महंगाई कम हो और रोजगार के अवसर बढ़े तो बात बने।आज मोदी सरकार का अंतरिम बजट पेश होगा। जनता को उम्मीद है कि चुनाव से पहले पेश होने वाला बजट लुभाने वाला हो सकता है। हर वर्ग को इस बजट से कुछ न कुछ मिलेगा। बेरोजगार उद्योग की आस लगाए है तो नौकरपेशा कर सीमा में छूट की उम्मीद किए हैं। लोगों को बेहतर रेल सेवा की सौगात मिलने की भी उम्मीद है।
बजट से लोगों को उम्मीद
-इनकम टैक्स छूट की सीमा बढ़ने की उम्मीद।
-जीएसटी में कटौती की उम्मीद लगाए हैं व्यापारी।
-अतिरिक्त टैक्स की घोषणा न होने की उम्मीद लगाए हैं आमजन।
-जिले को उद्योग की सौगात चाहते हैं बेरोजागार
-दोगुनी आय के लिए कोई घोषणा की उम्मीद कर रहे हैं किसान।
-बेहतर रेल सुविधा के लिए घोषणा की है उम्मीद
जीएसटी में अभी और सुधार की जरूरत है। सरकार कोई अतिरिक्त टैक्स न लगाए यही उम्मीद है।
मनोज गुप्ता, व्यापारी
उम्मीद है कि बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। सरकार कोई ऐसा फैसला नहीं लेगी जिससे महंगाई बढ़े।
किरन देवी, गृहिणी
सरकार को रोजगार पर भी ध्यान देना चाहिए, जिले को औद्योगिक इकाई जैसे चिप्स फैक्ट्री, चीनी मिल की सौगात मिलनी चाहिए।
ज्योती, युवती
बजट से युवाओं को रोजगार के बेहतर साधन मिलने की उम्मीद है। जिले को कोई उद्योग मिल जाए तो इससे अच्छा क्या होगा।
विवेक कुमार, युवा
सरकार को आय कर सीमा में छूट का दायरा बढना चाहिए। कम से कम पांच लाख रुपये सालाना आय टैक्स फ्री होनी चाहिए।
-अजीत यादव, कर्मचारी
पिछले बजट में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन पूरा नहीं हुआ। किसानों के हित में विशेष घोषणा की उम्मीद है।
मोहनलाल, किसान