पोल में करंट उतरा, घोड़ी मरी
शिकोहाबाद। विद्युत विभाग की लापरवाही से पोल में करंट दौड़ रहा है। रविवार सुबह एक तांगेवाले की घोड़ी पोल से चिपककर मर गई। प्रतापपुर चौराहा निवासी ओमप्रकाश अपने दस वर्षीय पुत्र मुकेश के साथ तांगा लेकर आ रहा था। यादव कॉलोनी रोड पर एक पोल में करंट दौड़ रहा था। पोल के पास आते ही घोड़ी को करंट लग गया, जिससे घोड़ी मर गई। लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को पोल में करंट उतरने की कई बार सूचना दी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उधर, बड़े डाकखाने के पास स्थित आरएसएस के कार्यालय के पास खड़े पोल मे भी करंट की शिकायत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जीई और एसडीओ को फोन से अवगत कराया।