मथुरा। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत कागजों पर एडमिशन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है लेकिन धरातल पर नतीजा अब भी शून्य है। ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट पर मथुरा में एडमिशन का ऑप्शन ही नहीं खुल रहा है जबकि ऑफलाइन आवेदन के लिए कार्यालय में बाबू नहीं मिल रहे हैं। इसके चलते अभिभावक इधर से उधर भटक रहे है।
गरीब बच्चों को भी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ने का अवसर मिले इसके लिए शिक्षा का अधिकार कानून के तहत निजी स्कूलों में उनको प्रवेश दिलाया जाता है। सरकार के आदेश के बाद यह प्रक्रिया 15 दिन पहले से ही शुरू हो गई है लेकिन अभी तक आरटीई की वेबसाइट पर मथुरा का ऑप्शन ही नहीं खुल रहा है। परेशान अभिभावक बीएसए कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। देहात अंचल में भी ऑफ लाइन आवेदन जमा न होने के चलते अभिभावक परेशान हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया वेबसाइट का संचालन लखनऊ से हो रहा है। ऐसे में अगर कोई तकनीकी खामी आ रही है तो उसकी शिकायत दर्ज कराई जाएगी। ऑफलाइन आवेदन केवल देहात अंचल में खंड शिक्षा अधिकारी के यहां हो रहे हैं जबकि नगर क्षेत्र के स्कूलों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया है।