खुशी मनाते स्कूल के छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। मंगलवार को जारी हुए सीआईएससीई के बारहवीं और दसवीं के रिजल्ट में सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल छाया रहा। बारहवीं में सेक्रेड हार्ट स्कूल की गीतांशी सिंह 95.75 अंक लेकर जिला टॉपर बनी हैं, जबकि 94.75 फीसदी नंबरों के साथ इशिता सिंह दूसरे स्थान पर हैं। नमन और प्रदुम्न तीसरे स्थान पर रहे हैं।
वहीं, दसवीं में देवर्षिका और अनुराग दोनों ही 97.2 फीसदी अंक लेकर टॉपर बने हैं, जबकि 96.6 फीसदी अंक लेकर भक्ति वेदांत वृंदावन स्कूल का मोहन श्रीवास्तव दूसरे स्थान पर रहा है, जबकि 95.4 नंबर के साथ वेदांत गर्ग और भक्ति वेदांत स्कूल का ही अक्षय परमार तीसरे स्थान पर है।
जनपद में सीआईएससीई बोर्ड के केवल चार स्कूल हैं। तकरीबन 545 छात्र-छात्राओं ने बारहवीं और दसवीं का एग्जाम दिया था। मंगलवार को जब रिजल्ट जारी हुआ तो दोनों में ही मथुरा का सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल छाया रहा। बारहवीं और दसवीं में इसी स्कूल के बच्चे टॉपर बने हैं। इस स्कूल का रिजल्ट 90 फीसदी से भी अधिक रहा है। खास बात यह है कि जो भी टॉपर बने हैं वह सेल्फ स्टडी से हैं। ट्यूशन या कोचिंग से यह टॉपर दूर ही रहे हैं।
इस साल बढ़ गए टॉपरों के नंबर
मथुरा। पिछले साल के मुताबिक इस साल 12वीं और 10वीं के टॉपर के नंबर बढ़ गए हैं। पिछले साल दसवीं में टॉपर बने छात्र के नंबर 97 फीसदी थे, जबकि 12वीं में 95.25 थे। लेकिन इस साल दोनों के ही नंबर बढ़ गए हैं। 12वीं के टॉपर ने 95.75 फीसदी अंक हासिल किए हैं। दसवीं के टॉपर ने 97.2 फीसदी अंक प्राप्त किए। केवल टॉपर ही नहीं बल्कि दूसरे छात्रों के नंबरों में भी इजाफा हुआ है। कुल रिजल्ट भी पिछले साल की तुलना में बेहतर बताया जा रहा है। दूसरे और तीसरे नंबर पर रहने वाले छात्र-छात्राएं भी पिछले साल के मुकाबले इस साल ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।