मथुरा। प्रधानमंत्री के सफाई अभियान में कहां लापरवाही बरती जा रही है इसकी जांच कराई जा रही है। जिले की सफाई में जो भी कमी रह गई है उसकी रिपोर्ट झांसी और फिरोजाबाद के नगर आयुक्त शासन को भेजेंगे। उन्होंने गुरुवार को जिले की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसी प्रकार से मथुरा नगर आयुक्त ने फिरोजाबाद और आगरा पहुंचकर सफाई का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री का पूरे देश को स्वच्छ बनाने के सपने को किस जिले में साकार किया जा रहा है और कहां लापरवाही बरती जा रही है, इसकी जांच आपस में ही नगर आयुक्तों को क्रास चेक कर की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को फिरोजाबाद और झांसी के नगर आयुक्तों ने मथुरा का दौरा किया। नगर आयुक्त उज्ज्वल कुमार ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को फिरोजाबाद और आगरा की सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों स्थानों से सफाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की है। ज्ञात रहे कि स्वच्छता अभियान को महानगर में सफलता से अंजाम देने के लिए खुद ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने हर वार्ड में पहुंचकर सफाई कराई है।