वृंदावन (मथुरा)। मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर अपनी सात वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया था। इस संबंध में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। बच्ची के पिता को धमकाने का भी आरोप है। सोमवार को पीड़ित पिता ने कनकधारा फाउंडेशन की संस्थापिका डा. लक्ष्मी गौतम से मिलकर बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। डा. लक्ष्मी गौतम ने बताया कि मथुरा में नौ जुलाई बच्ची पड़ोस की दुकान पर बिस्किट लेने गई थी। यहां दुकानदार ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। पिता की तहरीर पर गोविंदनगर थाने में दुष्कर्म में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब पुलिस पीड़ित परिवार पर मामला रफादफा करने के लिए भी दबाव बना रही है। पुलिसकर्मियों ने बच्ची के पिता को घर से उठाकर धमकाया भी है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था कनकधारा फाउंडेशन पुलिस की एक पक्षीय कार्रवाई की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगी।