बाह के सन्नपुरा में आग से जले करब के 700 बंडल
बाह। सन्नपुरा गांव के किसान रामज्ञान कुशवाह के खेत में रखे बाजरे की करब में मंगलवार की सुबह आग लग गई। 700 बंडल जल गए। लपटें उठती देख ग्रामीणों ने डायल 112 और अग्निशमन पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक समय से दमकल के नहीं पहुंचने से खेत में रखी सारी करब जल गई। पीड़ित किसान ने प्रशासन से नुकसान के आंकलन एवं मुआवजे की मांग की है। किसान ने बताया कि पहले बारिश में फसल खराब हो गई। अब आग से करब भी जल गई। करब जलने से मवेशियों के लिए चारे का संकट पैदा हो गया है। भाजपा कोर कमेटी के सदस्य पवन भदौरिया ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। संवाद