कासगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 15 दिसंबर को कार्यक्रम का आयोजन कासगंज विकास खंड परिसर में किया जाएगा। इस दौरान 70 जोड़े (युवक-युवती) विधिवत विवाह विधि पूर्णं कर एक-दूसरे का जीवन साथी बनेंगे। आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले के लिए 966 गरीब कन्याओं के विवाह का लक्ष्य मिला है। पहले चरण में 250 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जा चुका है। 716 कन्याओं का विवाह होना अभी शेष है। अब 15 दिसंबर को दूसरे चरण का सामूहिक विवाह आयोजन होगा। इसके लिए विभाग ने ऑनलाइन आवेदन मांगे। कुल 81 आवेदन मिले। जांच के बाद 70 जोड़ों का विवाह दूसरे चरण में कराया जाएगा। विवाह आयोजन के लिए कासगंज विकास खंड परिसर में व्यवस्था की गई है। खंड विकास अधिकारी चरन सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह को पर्यवेक्षक बनाया गया है। तीन अधिकारी सह नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके बाद 30 जनवरी व 25 फरवरी का सामूहिक विवाह आयोजन कराए जाएंगे।