कासगंज। जंक्शन पर तैनात रेलकर्मी दीपक कुमार को रेलवे की डीआरएम रेखा यादव ने 2000 रुपये के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। उन्हें यह पुरस्कार रेल दुर्घटना बचाने के लिए किए गए तत्पर प्रयासों के लिए दिया गया है। दीपक कुमार रेलवे में ट्रैक मेंटेनर के पद पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ में तैनात हैं। जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि रेलकर्मी दीपक कुमार 6 फरवरी को रात्रि में समपार संख्या 229 सी पर गेटमैन की ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान यात्री ट्रेन संख्या 05389 कासगंज से फर्रुखाबाद के लिए जा रही थी। सहावर के समपार पर रेलकर्मी ने ट्रेन के गार्ड पहिये से चिंगारी निकलती देखी। जिसकी सूचना रेलकर्मी ने तत्परता से स्टेशन मास्टर सहावर टाउन को दी। स्टेशन मास्टर ने यह सूचना गंजडुंडवारा स्टेशन मास्टर को दी। यहां गाड़ी रोककर गार्ड ब्रेक के पहिये की जांच कराई। जिसमें कमी पाई गई। तत्काल कमी को दूर किया गया। अन्यथा ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो सकती थी। उन्होंने बताया कि इज्जतनगर की डीआरएम रेखा यादव ने रेलकर्मी दीपक कुमार के कर्तव्य और सजगता की सराहना करते हुए 2000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया है।