कासगंज। जिले से इस साल 66 लोग हज यात्रा पर जाएंगे। हज यात्रा पर जाने वाले लोगों की 11 अप्रैल को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस की जांच की जाएगी। जांच के समय हज यात्रियों को सीबीसी, ब्लड शुगर की रैंडम रिपोर्ट अपने साथ लेकर आनी होगी। जांच का प्रमाणपत्र लगाने के बाद ही हज यात्रियों की हज यात्रा पर जाने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
हज यात्रा 20 मई से शुरू होनी है। यात्रा को लेकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है। जिले से इस बार 66 हज यात्रियों का चयन यात्रा के लिए किया गया है। इन यात्रियों को यात्रा पर जाने से पहले अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस कराना अनिवार्य है। इसके लिए 11 अप्रैल को सुबह 10 बजे से तहसील रोड पर शिविर लगेगा। जिसमें यात्रियों की जांच होगी। मेडिकल जांच में फिट होने पर ही हज यात्रा पर जाने की अनुमति मिलेगी।
हज यात्रियों की जांच के बाद एक प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इस प्रमाणपत्र को हज यात्रा समिति के समक्ष 15 अप्रैल तक जमा करना होगा। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद हज यात्रियों का वैक्सीनेशन होगा। जिसमें यात्री के पोलियो, मेनिनजाइटिस, कोरोना वैक्सीन आदि लगाई जाएगी। नोडल अधिकारी डाॅ. लाइक अली खान ने बताया कि मेडिकल शिविर खान नर्सिंग होम पर आयोजित होगा।