कासगंज। रविवार को सुहाने मौसम के बीच कासगंज में सुबह के समय कुछ बूथों पर तेजी से तो कुछ बूथों पर धीमी गति से मतदान हुआ। सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही मतदाताओं में उत्साह बढ़ता गया। शाम 6 बजे तक कासगंज की तीनों विधानसभा सीटों पर 63.04 फीसदी मतदान हुआ जो पिछले चुनाव से 0.95 प्रतिशत बढ़ा है। जिले की सभी तीन सीटों पर भाजपा, सपा और बसपा प्रत्याशियों का कड़ा मुकाबला रहा है। कासगंज की सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र राजपूत और सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री मानपाल सिंह में मुकाबला है। वहीं बसपा के मोहम्मद आरिफ भी लड़ाई में शामिल हैं। अमांपुर विधानसभा सीट से सभी नए प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे। इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के हरिओम वर्मा से बसपा के सुभाष शाक्य और सपा के सत्यभान शाक्य से कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। पटियाली विधानसभा क्षेत्र में भी मुकाबले में त्रिकोणीय स्थिति रही। यहां भाजपा प्रत्याशी ममतेश शाक्य व सपा प्रत्याशी नादिरा सुल्तान के बीच कड़ा मुकाबला रहा, लेकिन बसपा के नीरज मिश्रा ने इन दोनों की लड़ाई को त्रिकोणीय बना दिया।