कासगंज। जिले की तीनों विधानसभाओं में स्क्रूटनी के बाद मतदान का नया आंकड़ा जारी कर दिया गया। जिले में 63.04 प्रतिशत नहीं 62.33 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान में कासगंज विधानसभा अव्वल रही है। मंडी परिसर में तीनों विधानसभाओं के प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों के सामने प्रेक्षकों ने मतदान की स्क्रूटनी की। इसमें सबसे अधिक मतदान व सबसे कम मतदान वाले बूथों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही ईवीएम, वीवीपेट आदि में आने वाली खराबी के बारे में भी जानकारी ली गई। इसके साथ ही तीनों विधानसभा में हुए कुल मतदान के बारे में भी प्रत्याशियों को बताया गया। रविवार को मतदान की समाप्ति के बाद 63.04 प्रतिशत मतदान होने का आंकड़ा जारी किया गया था, लेकिन स्क्रूटनी में जारी किए गए आंकड़े में 0.71 प्रतिशत की गिरावट आ गई। जिले की तीनों विधानसभाओं में 10,32,979 मतदाताओं में से 6,43,830 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। कासगंज विधानसभा में 65.11 प्रतिशत मतदान होने का आंकड़ा जारी किया गया था। अब यह आंकड़ा 64.42 प्रतिशत सामने आया है। इस विधानसभा में 234284 मतदाताओं ने वोट डाले हैं। इसी तरह अमांपुर में 61.75 के स्थान पर 61.47 प्रतिशत वोट डाले जाने का आंकड़ा आया है। इस विधानसभा में 190917 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने बूथों पर पहुंचे। जबकि पटियाली विधानसभा में 62.07 के स्थान पर 60.97 प्रतिशत वोट डाले जाने का आंकड़ा सामने आया है। इस विधानसभा में 219709 मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग किया है।