फरह (मथुरा)। एक बार फिर कल्पतरु ग्रुप का मालिक जयकृष्ण सिंह राणा 2.15 लाख रुपये हड़पने में फंसा है। फिरोजाबाद के कस्बा सिरसागंज के व्यक्ति ने थाना फरह में मुकदमा दर्ज कराया है। फरह पुलिस ने ग्रुप के मालिक और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिशें दी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा।
कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा ने पहले तो देश के छह से ज्यादा प्रदेशों में चिटफंड का जाल बिछाया। चिटफंड के लिए मुस्तैद एजेंटों के माध्यम से फ्लैट और प्लाट का लालच देकर लोगों से मोटी रकम वसूली। 500 करोड़ रुपये हड़पकर फरार हुए कल्पतरु ग्रुप के मालिक के खिलाफ अब लोग खुलकर सामने आने लगे हैं। अभी तक जयकृष्ण सिंह राणा और उसके नुमाइंदों के खिलाफ 48 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
फिरोजाबाद के सिरसागंज निवासी सुरेश राठौर पुत्र रामस्वरूप ने थाना फरह में कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा, निदेशक विश्वनाथ प्रताप और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि फ्लैट के लिए एडवांस में 35 हजार रुपये और 36 महीने तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह दिए। अभी तक न तो फ्लैट मिला और न दी गई धनराशि वापस हो सकी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का दबिश दी जा रही हैं।