शेरगढ़ (मथुरा)। पांच राज्यों से पांच लाख के इनामी कुख्यात साहून मेव को दबोचने के लिए शेरगढ़ पुलिस ने विशंभरा में दबिश दी। पुलिस के हत्थे कुख्यात साहून मेव तो नहीं चढ़ सका, पर पुलिस ने उसके सहयोगी को दबोचा है। शनिवार की सायं कुख्यात साहून मेव की तलाश में शेरगढ़ पुलिस गांव विशंभरा पहुंची। पुलिस को साहून मेव तो नहीं मिला पर उसका सहयोगी पुलिस ने दबोच लिया। थाना प्रभारी रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि पकड़ा गया मुनफेद उर्फ मेगा पुत्र भूरा है। इसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल और 11 हजार रुपये बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि यह कुख्यात साहून मेव का सहयोगी है। फर्जी सिम से साहून से बातचीत करता था। गांव की हर गतिविधियों की यह युवक जानकारी देता था। पकड़े गए युवक से बरामद मोबाइल के सिम की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया सिम फर्जी लग रहा है फिर भी उसकी आईडी खंगाली जा रही है। यह सिम कहां से खरीदा गया यह भी पता लगाया जा रहा है।