कासगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खंड परिसर में जिले के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित 58 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिए गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया।विकास खंड परिसर में शुक्रवार को आयोजित समारोह का शुभारंभ विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक हरीओम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी, जिलाधिकारी सुधा वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। इस मौके पर जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने कहा कि शुभ विवाह पाणिग्रहण संस्कार जीवन का एक पवित्र गठबंधन है। जिसमें पति पत्नी एक दूसरे के साथ समर्पित जीवन जीते हुए समाज एवं देश में अपना योगदान देते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन द्वारा एक जोड़े की शादी पर 51000 रुपये व्यय करने की व्यवस्था की गई है। इसमें कन्या के दांपत्य जीवन में खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए सहायता राशि 35000 रुपये कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। विवाह संस्कार के लिए 10000 रुपये का सामान प्रत्येक जोड़ों को दिया गया है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडे सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।