कासगंज। भीषण गर्मी और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी और लू के कारण बच्चे और बड़े सभी बीमार हो रहे हैं। मंगलवार को भी जिला अस्पताल में जहां डायरिया के 57 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। वहीं करीब 174 बुखार के मरीजों ने उपचार कराया। इनमें से तीन बच्चों की तबियत अधिक खराब होने के कारण उन्हें भर्ती कर लिया गया।
100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में मेडिसिन विभाग की ओपीडी में सबसे अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें गर्मी से परेशान मरीजों की संख्या में अचानक ही काफी इजाफा हुआ है। गर्मी और लू के कारण लोगों की तबियत बिगड़ रही है। बड़ों के साथ बच्चों को भी उल्टी-दस्त, बुखार, शरीर दर्द, सिर दर्द आदि की दिक्कत हो रही है। मंगलवार को भी 12 वर्ष से अधिक के 117 और 12 वर्ष से कम के 57 बुखार के मरीज उपचार के लिए पहुंचे। वहीं 57 डायरिया के मरीज भी पहुंचे। इनमें से तीन बच्चों सहित अन्य कई मरीजों की स्थिति सामान्य न पाते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। तीन बच्चों मो. हिब्जान (3) पुत्र वारिस निवासी बदरिया सोरों, पवन (8) पुत्र मनोज निवासी मोहल्ला नवाब कासगंज एवं काव्यांश (3) पुत्र भगवान दासगंदा नाला, चित्रगुप्त कालोनी कासगंज की तबियत अधिक खराब होने के कारण उन्हें अस्तपाल में भर्ती किया गया।