डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की आबादी 24 करोड़ है। इसमें 56 फीसदी युवा शामिल हैं। युवाओं को अपने कौशल का विकास कर सरकार की योजनाओं और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। ये बातें शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के सेठ पदमचंद जैन प्रबंध संस्थान में प्रदेश सरकार के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की पूर्व संध्या पर कही गईं।
संस्थान में उद्यम अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त आईएफएस सीएल मणिकांत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है। सबसे ज्यादा 16 फीसदी लोन उत्तर प्रदेश को दिया गया है, इससे पहले उद्योग अधिक होने से महाराष्ट्र को सर्वाधिक लोन मिलता था। देश का 40 फीसदी एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में है। देश के कुल निर्यात में से 72 प्रतिशत भागीदारी इसी प्रदेश से है। प्रदेश में 11 हजार से ज्यादा स्टार्टअप क्रियाशील हैं।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. राजेश प्रकाश ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए नए स्किल डेवलपमेंट पाठ्यक्रम आईआईटी कानपुर की मदद से शुरू करने जा रही है। मशीन लर्निंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी व साइबर सिक्योरिटी जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रमों में युवाओं को पारंगत करने के लिए प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. ब्रजेश रावत ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। विवि के कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार ने धन्यवाद दिया। अतिथियों में मथुरा के नगरायुक्त शशांक चौधरी, विवि के कंप्यूटर सेंटर के हेड प्रो. अनिल गुप्ता रहे। संचालन डाॅ. रूचिरा प्रसाद ने किया। डाॅ. एसके जैन, डाॅ. आशुतोष द्विवेदी की उपस्थिति रही।