राया/छाता (मथुरा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश भर में कराए जा रहे स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत सोमवार को राया और छाता में भी केंद्रीय टीम पहुंची। यहां केंद्र सरकार के मानकों के तहत स्वच्छता के मापदंड परखे गए। सफाई संबंधी साधनों को देखा।
सोमवार को जिला प्रोग्राम अधिकारी देवेंद्र निरंजन और रामाज्ञा सिंह ने राया के प्रमुख मार्गों पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। लोगों को सफाई के लिए प्रेरित करते हुए स्वच्छता से होने वाले लाभ और गंदगी से फैलने वाली बीमारियों के संबंध में जानकारी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज शर्मा ने स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। टीम ने नगर पंचायत कार्यालय में झाड़ू लगाने व कूड़ा एकत्रित करने के सुझाव भी दिए। इस दौरान प्रभारी ईओ रजनीश शर्मा, सभासद हामिद फारूकी, डिगंबर सिंह, सोहन वर्मा मौजूद रहे।
इधर, छाता नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर सफाई व्यवस्था के संबंध में टीम ने जानकारी ली। टीम के सदस्यों ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और नगर के समस्त अभिलेखों की जानकारी ली। जिला प्रोग्राम मैनेजर देवेंद्र निरंजन, चेयरमैन चंद्रप्रकाश उर्फ बाबी भैया, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।