मथुरा। बजट के साथ जारी किए गए रेल बजट से रेलकर्मी नाखुश रहे। बोले बजट में रेल कर्मचारियों व रेल विकास के लिए नया कुछ नहीं है। रेलवे स्टेशन पर नेशनल कुली यूनियन के अध्यक्ष यादराम सिंह और उपाध्यक्ष लखनलाल ने बताया कि वह लंबे समय से कुलियों के लिए सुविधा और ग्रुप डी कर्मचारियों में शामिल करने की मांग कर रहे थे, लेकिन इस बजट में रेलवे के लिए कुछ नहीं है।
नार्थ सेंट्रल रेलवे एंपलाइज संघ के मंडल अध्यक्ष वाईएस त्यागी व मंडल संगठन राकेश चतुर्वेदी का कहना है बजट में न तो रेल कर्मचारियों, न रेलवे सेफ्टी व ना यात्री सुविधा बढ़ाने जैसा कुछ है। नार्थ सेंट्रल मेंस यूनियन के शाखा सचिव एनके शर्मा का कहना है कि कर्मचारियों की पेंशन स्कीम को पुरानी पेंशन स्कीम में शामिल करना था, वह नहीं किया। मथुरा में रेल सुधार को कुछ नहीं दिया। सहायक शाखा सचिव संजीव जैन का कहना है कि कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा। काम ज्यादा लिया जा रहा है और सुविधा खत्म की जा रही है। सेफ्टी के पद खाली पड़े हैं, उन्हें भरने को कोई योजना नहीं है।