मथुरा। गुरुवार की सायं मथुरा-वृंदावन रोड पर माधवकुंज कालोनी के नुक्कड़ पर महिला के गले पर झपट्टा मारकर बाइक सवार सोने की चेन तोड़ ले गए। व्यापारी की पत्नी कृष्णानगर से बहन के साथ भतीजे के नामकरण संस्कार में भाग लेने मायके जा रही थी। सूचना पर पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने चेन स्नेचरों की तलाश की पर कोई भी हत्थे नहीं चढ़ सका। कृष्णानगर के रामलीला ग्राउंड निवासी मीना खंडेलवाल पत्नी मोहनलाल खंडेलवाल बहन ममता के साथ मायके के लिए टेंपो से निकली। मथुरा-वृंदावन रोड पर माधवकुंज में मायका होने के चलते दोनों बहनें गोकरणनाथ तिराहे के समीप राधारानी मिष्ठान भंडार पर उतर गईं। यहां से मिठाई खरीदने के बाद दोनों बहनें पैदल चल दीं। वह माधवकुंज कालोनी के नुक्कड़ पर पहुंची थीं कि पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। सूचना पर पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने चेन स्नेचरों की तलाश पर कोई भी हाथ नहीं लगा। महिला के भतीजे ने थाना गोविंदनगर में तहरीर दी है।