कोसीकलां (मथुरा)। सूर्य देवता की आराधना का पर्व छठ पूजा 24 अक्तूबर को नहाए-खाए के साथ शुरू होगा। राजमार्ग पर आगरा केनाल के किनारे छठ पूजा होगी। इसके लिए लोगों ने तैयारी भी शुरू कर दी है। हालांकि अफसरों की उदासीनता के चलते इस बार भी छठ पूजा पर श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच पूजा करने पर मजबूर होना पड़ेगा। छठ पूजा मंगलवार से शुरू हो रही है। पर, अभी भी राजमार्ग पर आगरा केनाल के किनारे पुल निर्माण के कारण गंदगी पड़ी हुई है। किनारों पर साफ-सफाई नहीं की गई है। केनाल का पानी भी रुका हुआ है। यही हाल गोपाल बाग पर रजबहा किनारों का है। गंदगी का अंबार लगा रहा। साफ व्यवस्था न होने से वहां कदम रखना भी मुश्किल हो रहा है। भगवती मंदिर के गोमती सरोवर पर होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका अभी खामोश है। यही वजह है कि तट पर साफ-सफाई का प्रबंध नहीं किया गया। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है।