मथुरा। वृंदावन की रुक्मिणी विहार कालोनी के टूटे फूटे मकान अब सुधारे जाएंगे। ठेकेदारों को ही मकान सही कराने का जिम्मा दिया गया है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने 15 दिन का समय दिया है। वृंदावन की रुक्मिणी विहार कालोनी की खराब गुणवत्ता का मुद्दा अमर उजाला ने शिद्दत के साथ उठाया था। हमने बताया था कि किस तरह से बनने के कुछ दिनों बाद ही कालोनी के फ्लैट जर्जर हो गए हैं। इस पर प्राधिकरण ने फ्लैट की गुणवत्ता की जांच भी कराई थी। लोगों ने भी इसकी शिकायत एमबीडीए की उपाध्यक्ष यशु रुस्तगी से की गई। उपाध्यक्ष ने इसकी तकनीकी जांच अधिशासी अभियंता अर्जुन सिंह तोमर को दी। अधिशासी अभियंता ने करीब एक सप्ताह पूर्व इसकी तकनीकी जांच उपाध्यक्ष को सौंप दी। जांच रिपोर्ट में उन्होंने इन फ्लैट की घटिया गुणवत्ता बताई। इस रिपोर्ट के आने के बाद प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने इस निर्माण को करवाने वाले ठेकेदारों को 15 दिन का समय देते हुए गुणवत्ता सुधारने को कहा है। यदि इस समय में गुणवत्ता नहीं सुधरी तो ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा। साथ ही इस निर्माण कार्य करने वाले इंजीनियरों को भी नोटिस दिया गया है। जिन ठेकेदारों को नोटिस दिया गया है उनमें जेपी एसोसिएट, जगन्नाथ एसोसिएट और मित्तल एसोसिएट शामिल हैं। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने बताया कि यदि इन ठेकेदारों और इंजीनियरों द्वारा समय रहते गुणवत्ता नहीं सुधारी तो ब्लैक लिस्टेड करने के अलावा और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।