बरसाना (मथुरा)। सात दिन पूर्व बरसाना के युवक रौनक की हत्या करके शव विलासगढ़ की पहाड़ियों पर फेंका गया था। अब तक पुलिस हत्यारों को पकड़ नहीं पाई है। पुलिस की नाकामी को लेकर ग्रामीणों में उबाल है। मृतक के घर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक से रौनक के पिता बच्चू सिंह ने कहा कि हत्यारे का नाम तहरीर में स्पष्ट रूप से लिखकर दिया था मगर पुलिस का नुमाइंदा होने के कारण बरसाना पुलिस ने तहरीर अज्ञात के नाम से दर्ज की है। अधिवक्ता गोकुलेश कटारा और पदम फौजी ने एलान किया कि हत्यारे नहीं पकड़े गए आंदोलन किया जाएगा। मृतक रौनक के पिता बच्चू सिंह ने बताया कि दो अक्तूूबर को थाने में तैनात सिपाही अजय ने रौनक से उसकी बाइक मांगी थी। मना करने पर उसे धमकी भी दी थी कि तुझे देख लूंगा। पिता ने आरोप लगाया क्षेत्रीय युवक सोनू व उसके तीन साथियों ने एक दिन पहले रौनक के साथ मारपीट की और दूसरे दिन उसकी हत्या करके शव को विलासगढ़ की पहाड़ियों पर फेंक दिया गया।