वृंदावन (मथुरा)। राधा दामोदर मंदिर में कार्तिक मास के उपलक्ष्य में 34 दिवसीय राधा दामोदर कार्तिक नियम सेवा महोत्सव का शुभांरभ रविवार से हो गया। ठाकुर राधा दामोदर महाराज ने विशेष दर्शन देकर भक्तों को कृतार्थ किया। मंदिर सेवायत कनिका गोस्वामी ने कहा कि महोत्सव का शुभारंभ सुबह श्रीहरिनाम संकीर्तन और ठाकुर राधा दामोदर महाराज की मंगला आरती से हुआ। देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु व भक्तजनों ने संकीर्तन सहित तुलसी पूजन के साथ ही मंदिर की चार परिक्रमा लगाई। उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा एवं दामोदर लीला कथा आयोजन किया जा रहा है। उधर, रविवार को एकादशी के अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ देखी गई। पिछले कई दिनों से मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ में कमी दर्ज की जा रही थी, लेकिन रविवार को एकादशी पर मंदिर भक्तों की भीड़ से खचाखच भर गया। रविवार की सुबह पट खुलने से लेकर शाम शयन भाग आरती के समय तक भक्तों की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर ठाकुर बांकेबिहारी के जयकारों से गुंजायमान हो रहा था।