मथुरा। खराब पेटीज की बिक्री पर दुकान को सील कर दिया गया है। लाइसेंस रद करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। एक अक्तूबर को इसी दुकान की पेटीज खाकर गाजियाबाद के छात्र बीमार हो गए थे। गाजियाबाद के छात्रों का एक दल घूमने के लिए मथुरा आया था। एक अक्तूबर को वापस जाते वक्त इन लोगों ने जंक्शन से खानपान की दुकान से पेटीज खरीदी थीं। पेटीज खाने के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ गई थी। छात्र आशीष जिंदल ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक संचित त्यागी ने दुकानदार एचडी एंड संस पर 50 हजार जुर्माना लगाया था। अब इस मामले में रेल अधिकारियों ने दुकान को सील कर दिया है। स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने बताया कि दुकानदार का लाइसेंस रद करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।