पटियाली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीएम व एसपी ।
कासगंज। जिलाधिकारी मेधा रूपम एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील पटियाली के सभागार में फरियादियों की समस्याओं व शिकायतों काे सुना। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापरक एवं निष्पक्ष निस्तारण ही शासन की प्राथमिकता है। इस दौरान 41 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 5 को मौके पर निस्तारित कर दिया गया।जिलाधिकारी के समक्ष इस अवसर पर अधिक धनराशि के बिजली के बिल आने, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने, राशन कार्ड बनवाने, भूमि की पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटवाने, राजस्व, भूमि विवाद, उत्पीड़न, आपसी विवाद आदि से संबंधित शिकायतें पहुंची। जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरतापूर्वक सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील पटियाली में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल, उपजिलाधिकारी पटियाली प्रदीप विमल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले की सदर तहसील व सहावर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी सचिन एवं अपर जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी मेधा रूपम एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने तहसील परिसर पटियाली में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग पौधरोपण करें। वहीं पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण भी किया जाए।